पहला ऑफर हमेशा 'फाइनल' नहीं होता: कॉर्पोरेट माइंडसेट को समझें
कंपनी जब आपको कोई ऑफर लेटर भेजती है, तो 90% मामलों में उस सैलरी के पीछे थोड़ा मार्जिन बचाकर रखा गया होता है। एचआर (HR) और हायरिंग मैनेजर इस बात को अच्छी तरह जानते हैं कि कैंडिडेट थोड़ा मोल-भाव कर सकता है। वे पहला ऑफर इस तरह तैयार करते हैं कि अगर आप नेगोशिएट करें, तो उनके पास आपको देने के लिए थोड़ा बजट बचा रहे। यहाँ असली बात यह है कि कंपनी ने आपको ऑफर लेटर यूँ ही नहीं भेज दिया। उन्होंने दर्जनों केंडिडेट्स का इंटरव्यू लिया, आपका टेस्ट किया और आपको अपनी टीम के लिए सबसे सही पाया। आपको चुनकर ऑफर लेटर भेजने तक कंपनी का काफी समय और पैसा खर्च हो चुका होता है। वे किसी मामूली सैलरी अंतर की वजह से अपना पूरा हायरिंग प्रोसेस फिर से शुरू नहीं करना चाहते। इसलिए, खुद को एक बेबस मांगने वाला समझने के बजाय यह मानकर चलिए कि आपके पास भी टेबल पर वैल्यू है।
ईमोशंस नहीं, डेटा लाएं: मार्केट वैल्यू और ऑफर ब्रेकअप का गणित
बहुत से लोग सैलरी नेगोशिएट करते वक्त ऐसी बातें कहते हैं: "सर, मेरा रूम रेंट बहुत ज़्यादा है", "मुझे होम लोन चुकाना है", या "मेरे घर में खर्चे बढ़ गए हैं।" कंपनी को इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि आपकी व्यक्तिगत ज़रूरतें क्या हैं। वे आपको आपकी ज़रूरतों के पैसे नहीं देते, वे आपको उस काम की मार्केट वैल्यू के पैसे देते हैं जो आप उनके लिए करने वाले हैं। नेगोशिएशन से पहले ये 3 काम ज़रूर करें:
- मार्केट रिसर्च: Glassdoor, AmbitionBox या LinkedIn Premium के जरिए जानिए कि आपकी लोकेशन और अनुभव के हिसाब से उस रोल की एवरेज सैलरी क्या चल रही है।
- सीटीसी (CTC) का पोस्टमार्टम: कुल पैकेज को देखकर खुश मत होइए। देखिए कि इन-हैंड (In-Hand) सैलरी कितनी आ रही है। कितना वेरिएबल (Variable Pay) है, कितना पीएफ (PF) में कट रहा है और कितना जॉइनिंग बोनस है।
- खुद का वैल्यू प्रपोज़िशन: यह तय कीजिए कि आपकी पिछली कंपनी का कौन सा ऐसा प्रोजेक्ट या स्किल है जो इस नई कंपनी का समय और पैसा बचा सकता है।
जब आप यह कहते हैं कि "इंडस्ट्री स्टैंडर्ड्स और मेरी स्किल्स के हिसाब से इस रोल का मार्केट रेट X से Y के बीच है", तो एचआर आपकी बात को गंभीरता से सुनता है।
सही समय और सही माध्यम का चुनाव कैसे करें?
ऑफर लेटर आते ही तुरंत 5 मिनट में जवाब मत दीजिए कि "मुझे यह सैलरी पसंद नहीं है, इसे बढ़ाओ।" और न ही 4 दिन तक चुप बैठकर ईमेल को लटकाए रखिए। गौर करने वाली बात यह है कि ऑफर मिलने के बाद 24 से 48 घंटे का समय लेना सबसे सही माना जाता है। इससे सामने वाले को लगता है कि आप ऑफर को गंभीरता से इवेलुएट कर रहे हैं। बातचीत का सही तरीका क्या हो?
- ईमेल बनाम फोन कॉल: हमेशा पहला काउंटर-ऑफर (Counter Offer) लिखित में यानी ईमेल पर भेजें। इससे आपकी बात का रिकॉर्ड रहता है और आप बिना हड़बड़ाहट के अपनी बात लिख पाते हैं।
- अगर एचआर कॉल पर बात करना चाहे: ईमेल भेजने के बाद एचआर अक्सर फोन पर बात करता है। कॉल पर शांत रहें, हड़बड़ाकर कोई आंकड़ा मत बोलें। अगर वे तुरंत दबाव डालें, तो कहें— "थैंक यू, मैं इसे समझकर आपको ईमेल पर अपनी रज़ामंदी या विचार भेजता हूँ।"
ईमेल कैसे लिखें? (शब्दों और टोन का असली खेल)
सैलरी नेगोशिएट करने में आपकी भाषा और टोन सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। आपका लहज़ा कभी भी घमंडी (Arrogant) या मांग करने वाला (Demanding) नहीं होना चाहिए, बल्कि यह एक प्रोफेशनल बातचीत जैसा लगना चाहिए। ईमेल का ड्राफ्ट कुछ ऐसा हो सकता है:
विषय: Offer Letter Discussion - [आपका नाम] - [पद का नाम]
डियर [HR का नाम],
[कंपनी का नाम] से ऑफर लेटर देने के लिए आपका बहुत-बहुत धन्यवाद। मैं इस रोल को लेकर काफी एक्साइटेड हूँ और आपकी टीम के साथ काम करने का इंतज़ार कर रहा हूँ। मैंने ऑफर लेटर के सभी डिटेल्स और सैलरी ब्रेकअप को ध्यान से पढ़ा है। जैसा कि हमने इंटरव्यू में बात की थी, मैं इस रोल में [अपनी 2 प्रमुख स्किल्स/उपलब्धियां] लेकर आ रहा हूँ, जो आपके [कंपनी के किसी प्रोजेक्ट या लक्ष्य] में तुरंत मदद कर सकती हैं। मेरी मौजूदा मार्केट रिसर्च और मेरी पिछले अनुभवों को ध्यान में रखते हुए, मुझे उम्मीद थी कि बेस सैलरी [आपकी अपेक्षित राशि] के आसपास होगी। क्या इस आंकड़े पर दोबारा विचार करने की कोई गुंजाइश है? मुझे पूरा यकीन है कि हम एक ऐसे आंकड़े पर पहुँच सकते हैं जो हम दोनों के लिए सही हो।
धन्यवाद,
[आपका नाम]
अब सवाल आता है कि क्या इतना लिखने से काम बन जाएगा? जी हाँ, यह ईमेल बहुत ही आदरपूर्वक तरीके से यह संदेश देता है कि आप कंपनी में आने को लेकर गंभीर हैं, लेकिन अपनी वैल्यू भी जानते हैं।
केवल फिक्स्ड सैलरी नहीं, इन चीज़ों पर भी नेगोशिएट करें
अगर एचआर सीधे कह दे कि— "सर/मैम, हमारा बजेट बिल्कुल फिक्स है, हम बेस सैलरी ₹1 भी नहीं बढ़ा सकते", तो इसका मतलब यह नहीं है कि खेल खत्म हो गया। सैलरी पैकेज में केवल फिक्स्ड कैश ही सब कुछ नहीं होता। अगर कंपनी बेस सैलरी नहीं बढ़ा पा रही है, तो आप इन चीज़ों की मांग कर सकते हैं:
- जॉइनिंग बोनस (Signing Bonus): यह एक बार दिया जाने वाला अमाउंट होता है जो कंपनी के सालाना फिक्स्ड बजट को प्रभावित नहीं करता। एचआर इसे आसानी से अप्रूव कर देते हैं।
- नोटिस पीरियड बाय-आउट (Notice Period Buyout): अगर आपकी पुरानी कंपनी जल्दी छोड़ने पर पैसे काट रही है, तो नई कंपनी से कहें कि वे उस नुकसान की भरपाई करें।
- परफॉर्मेंस अप्रेजल का समय: आप कह सकते हैं कि— "ठीक है, मैं अभी इस सैलरी पर जॉइन कर लेता हूँ, लेकिन क्या हम 6 महीने बाद मेरी परफॉर्मेंस के आधार पर री-रिव्यू कर सकते हैं?"
- वर्क फ्रॉम होम / फ्लेक्सिबल टाइमिंग: अगर पैसा नहीं बढ़ रहा, तो हफ्ते में 2 दिन वर्क फ्रॉम होम या कम ट्रैवलिंग का विकल्प मांग लें। इससे आपका पेट्रोल और समय दोनों बचेगा।
पहली नौकरी छोड़ने का फैसला आसान नहीं होता, खासकर जब करियर की शुरुआत हो। अगर आप भी इस दुविधा में हैं कि नौकरी बदलना सही रहेगा या नहीं, तो पढ़ें: पहली नौकरी छोड़ना सही है या करियर की सबसे बड़ी गलती?
वो गलतियां जो आपका बना-बनाया काम बिगाड़ सकती हैं
सैलरी नेगोशिएट करते वक्त कुछ ऐसी गलतियां हैं जो लोग अक्सर कर बैठते हैं और फिर पछताते हैं:
- अल्टीमेटम देना (Ultimatum): "अगर मुझे इतना पैसा नहीं मिला तो मैं जॉइन नहीं करूँगा।" ऐसा कभी मत कहें। कॉर्पोरेट में अल्टीमेटम को बहुत नेगेटिव माना जाता है।
- झूठे ऑफर्स का दिखावा करना: कभी भी यह झूठ मत बोलिए कि आपके पास दूसरी कंपनी का बड़ा ऑफर है, जब तक कि आपके हाथ में उसका लिखित लेटर न हो। एचआर आपसे दूसरे ऑफर लेटर का प्रूफ मांग सकता है।
- बार-बार नंबर बदलना: एक बार जब आप अपना अपेक्षित आंकड़ा (Expected Salary) बता दें, तो उस पर टिके रहें। बार-बार अपनी मांग बदलना आपको गैर-जिम्मेदार दिखाता है।
- बहुत ज़्यादा लालच करना: अगर कंपनी पहले ही आपको 40% का बेहतरीन हाइक दे चुकी है, तो बिना किसी ठोस कारण के 5% और के लिए अड़ना आपकी इमेज खराब कर सकता है।
आखिरी एक जरूरी बात
सैलरी नेगोशिएट करना कोई लड़ाई नहीं है जहाँ एक की जीत और दूसरे की हार होगी। यह दो प्रोफेशन्ल्स के बीच की एक ऐसी बातचीत है जहाँ दोनों को एक-दूसरे के साथ सहज महसूस होना चाहिए। अगर आपकी मांग के बाद कंपनी थोड़ा भी मान जाती है, तो सहर्ष उसे स्वीकार करें और धन्यवाद कहें। और अगर कंपनी विनम्रता से मना कर देती है, तब भी यह फैसला आपका होगा कि क्या वह जॉब रोल और सीखने का मौका उस पैसे से ज़्यादा मायने रखता है या नहीं। याद रखिए, सही लहजे में अपनी कीमत मांगना आपके आत्मविश्वास को दर्शाता है, और कॉर्पोरेट दुनिया हमेशा आत्मविश्वास से भरे लोगों की इज़्ज़त करती है।
0 टिप्पणियाँ